28 जुलाई, 2017

नैनों में सुनामी




दो नैनों के नीले समुन्दर में 
तैरती दो सुरमई मीन 
दृश्य मनमोहक होता 
जब लहरें उमड़तीं 
पाल पर करतीं वार 
अनायास सुनामी सा 
कहर टूटता 
थमने का नाम नहीं लेता ! 
है ये कैसा मंज़र 
न जाने कब 
नदी का सौम्य रूप 
नद में बदल जाता ! 
हृदय विदारक पल होता 
जब गोरे गुलाबी कपोलों पर
अश्रु आते, सूख जाते हैं 
निशान अपने छोड़ जाते हैं ! 


आशा सक्सेना 







23 जुलाई, 2017

कुण्डली हाइकू



गाड़ी न छूटे
वक्त पर पहुँचो 
पकड़ो गाड़ी  

दबंग बनो 
किसीसे मत डरो
रहो दबंग 

राज़ की बात 
किया जो परिहास 
दुःख का राज़ 

दिया जलाया 
घर भी जला दिया 
क्यों दर्द दिया 

जागृत नैन 
सचेत तन मेरा 
मन जागृत 

खिलाये फूल 
थोड़ी सी भी रिश्वत 
बिना खिलाये 

आया सैलाब 
छिपा है आफताब 
तूफ़ान आया 

हवा जो चली 
पाश्चात्य फैशन की 
बिगड़ी हवा 

हुई आहट
द्वार पर किसकी 
आमद हुई ! 

सावन आया 
चमके बिजुरिया 
भाया सावन ! 

आशा सक्सेना 

20 जुलाई, 2017

मनमीत



फिर एक बार आनन पर 
मीठी मुस्कान आई है ! 
जाने कैसी है बात 
पुन: चमक आई है ! 
हर शब्द साहित्य का 
कुछ तो अर्थ रखता है 
हर अर्थ में नव भाव हैं 
हर भाव में एक बंधन है 
इस बंधन में स्पंदन है 
यहीं स्पंदन में है 
निहित भाव प्रेम का 
जिसने प्यास जगाई है !
यही भाव नहीं बदलते हैं 
स्थाई भाव बंधन 
प्यार के संचार के 
जिसमें है अनुराग भरपूर 
दमकता आनन दर्प से 
दर्प का नूर कभी न मिटता 
यही है निशानी सच्चे साथी की 
जो किताबों से है दूर 
पर सत्य के नज़दीक 
हर पल नया अहसास 
जगाने में लगा है ! 


चित्र - गूगल से साभार 
आशा सक्सेना 




16 जुलाई, 2017

न आई वर्षा



चहुँ ओर घिरे बादल 
बरसा न एक बूँद पानी 
जन-जन बूँद बूँद को तरसा 
बेहाल ताकता महाशून्य में 
यह कैसा अन्याय 
कहीं धरा जल मग्न 
कहीं सूखे से बेहाल 
आखिर यह भेद भाव क्यों 
क्यों नहीं दृष्टि समान 
कहीं करते लोग पूजा अर्चन 
बड़े-बड़े अनुष्ठान 
कहीं उज्जैनी मनती 
कहीं होते भजन कीर्तन 
यह है आस्था का सवाल 
हे प्रभु यह कैसा अन्याय 
जल बिन तरस रहा 
जनमानस का एक तबका 
दूसरा करता स्वागत वर्षा का 
दादुर मोर पपीहा करते आह्वान 
वर्षा जल के आने का 
कोयल मधुर गीत गाती 
पास बुलाती अपने जीवन धन को 
क्यों नहीं आये अभी तक 
देती उलाहना प्रियतम को 
धरा चाहती चूनर धानी 
अपने साजन को रिझाने को ! 


आशा सक्सेना 

13 जुलाई, 2017

नयी राह

distant beautiful sights.and a long road. pics  के लिए चित्र परिणाम

जब कोई अंग अक्सर कहने लगे 
रुक रुक रुक रुक 
समझ में आये 
कहीं कोई अकारण ही 
कहीं भी रुक जाए ! 
कभी परिवर्तन स्थान का होता 
कभी परिवर्तन सोच का होता ! 
कहीं मन में बिखराव होता 
तो जीवन के अंधे मोड़ पर 
कहीं किसी जगह 
केवल ठहराव आता ! 
मन को इस परिवर्तन की 
आदत सी हो गयी है ! 
दुनिया व्यर्थ सी लगती है 
जीवन में सब अकारथ है 
कहीं भी कुछ ऐसा नहीं है 
जिससे मन जुड़ा हो ! 
दिल की बगिया 
अकारण ही उजड़ने लगी है ! 
रंग बिरंगे फूलों की क्यारियों में 
फूल बेरंग हो गए हैं ! 
सूख गए हैं ! 
पर एक अनोखी उड़ान ने 
नई दुनिया के द्वार पर 
एक नई राह खोली है ! 
जीवन में हर पल नया है 
और इस पल से 
इसी मार्ग पर चल पड़ा है ! 
सुखद है या दुखद 
यह तो पता नहीं 
पर कुछ तो नया है 
जो मन को भाता है ! 


आशा सक्सेना 





11 जुलाई, 2017

प्रश्न चिन्ह

प्रश्न चिन्ह तस्वीरें के लिए चित्र परिणाम


ज़िंदगी के हर मोड़ पर 
खड़ा है एक प्रहरी 
सवाल या निशान लिए 
हर प्रश्न चिन्ह रोकता है राह 
मन में भभकता गुबार लिए 
हर प्रश्न का निर्धारित उत्तर 
पर बहुत से अभी भी अनुत्तरित 
बहुत उलझन है इन्हें सुलझाने में 
प्रयत्न बहुत करती हूँ 
पर उदास हो जाती हूँ 
जब इन्हें सुलझा नहीं पाती !
इन अनुत्तरित प्रश्नों का हल 
कहाँ मिलेगा नहीं जानती 
फिर भी प्रयत्न थमते नहीं 
मैं चारों ओर से 
भँवर जाल में फँस गयी हूँ 
और हर प्रश्न में असफल हो रही हूँ ! 
क्या है कोई मार्ग दर्शक 
जो मुझे सही उत्तर तक पहुँचाएगा ! 
या यूँ ही हार जाऊँगी
नहीं जानती क्या है प्रारब्ध में 
फिर भी आशा पर जीवित हूँ !
कोई तो मार्गदर्शक आयेगा 
जो सच्ची राह दिखाएगा ! 

आशा सक्सेना 






06 जुलाई, 2017

यायावर

घुमक्कड़ - तस्वीर के लिए चित्र परिणाम

हूँ यायावर 
घूमता हूँ जगह-जगह 
लिए भटकते मन को साथ 
हूँ गवाह 
बदलते मौसम का 
कायनात के नए अंदाज़ का 
कभी काले भूरे बादलों का 
तो कभी गर्मी से 
तपती धरा का 
कड़कड़ाती ठण्ड में 
ठिठुरते बच्चों का 
तो पावस ऋतु में 
मनोहारी हरियाली का 
जब वृक्षों ने पहने 
नए-नए वस्त्र 
हरे-हरे प्यारे-प्यारे 
कभी मन ठहरता 
इन नज़ारों को आत्मसात 
करने के लिए 
पर यायावर अधिक 
ठहर नहीं पाता 
चल देता अगले ही पल 
किसी और नयी 
मंज़िल की ओर ! 


आशा सक्सेना