04 मई, 2012

बंधन

 
 ये  घुंघरू बंधन  पैरों के
 ना पहले बजे ना आज
डाले गए  पायलों में
फिर भी बेआवाज
हें ना जाने क्यूँ मौन ?
शायद इसलिए कि
पहनने वाली भी रहती मौन
भाग्य सराहा जाता उसका
होती चर्चा रूप की
सजे पैर पायलों से
यूँ तो आकर्षित करते
घुँघरू तब भी रहते मौन
कोई नहीं जानता
मुराद उसके मन की
रहती सदा अपूर्ण
निराशा ने डेरा डाला
उदासी से पड़ा पाला
 है परकटे पक्षी सी
कैद चार दीवारी में
उड़ नहीं सकती
 है परतंत्र  इतनी
मन की कह नहीं सकती
सोच नहीं पाती
 घर के बाहर भी
 है एक और  जहाँ
ग़मों के अलावा भी
 हैं खुशियाँ वहाँ
 प्रारब्ध का यह खेल कैसा
या फल अनजाने कर्मों का
सब को  सहन करना
आदत सी हो गयी है
ओढ़े आवरण दिखावे का
दिन तो कट ही जाते हैं
है यह कैसा बंधन
लोग ऐसे भी जी लेते हैं |
asha 



30 अप्रैल, 2012

जो मैं भी समझ ना पाया

मनचाहा कह ना पाया 
जो कहा हो ना पाया 
जो भी हुआ 
पचा  ना पाया 
हुए  विद्रोह के स्वर प्रस्फुटित 
वे सारे वार भी 
झेल  ना पाया
किसी ने   मेरा
साथ ना दिया 
सिरे से नकार दिया 
तब धीरे से 
अनकही बातें मन की 
उजागर होने लगीं 
लोगों की समझ से परे 
कई विचार 
उलझे से उपजे 
अन्तर्निहित रहस्य तब भी 
प्रगट नहीं कर पाया 
गहन चिंतन  में खोया 
अपने में सिमट गया 
सार नहीं जब कोई निकला 
अंतर्मुखी हो गया 
लोगों का जब ध्यान गया 
उन सारी बातों पर सोचा 
किसी हद तक उन्हें समझा 
जो मैं भी ना  समझ पाया |
आशा